ओवररेटिंग से लेकर रिकॉर्ड में गड़बड़ी तक खुली पोल, आईएसबीटी समेत कई दुकानों पर छापेमारी
42 बोतलों के बैच नंबर अभिलेखों से नहीं मिले, अनधिकृत सेल्समैन और गायब रेट लिस्ट भी पकड़ी गई
देहरादून। शराब की दुकानों पर मनमानी कीमत वसूले जाने और नियमों की अनदेखी की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने देर रात बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर प्रशासन की कई टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की।
अभियान के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद व हर्षिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह तथा एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें मैदान में उतरीं। जांच के दौरान संबंधित क्षेत्रीय आबकारी अधिकारी भी टीमों के साथ मौजूद रहे।
माजरा और पटेलनगर क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान आईएसबीटी की शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई गई। जांच में दुकान पर मौजूद 42 बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए। इसके अलावा दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन काम करते मिले और निर्धारित रेट लिस्ट भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। टीम ने दुकान के स्टॉक और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों को भी खंगाला।
प्रेमनगर क्षेत्र में भी प्रशासन की टीम को कई कमियां मिलीं। वहां एक शराब की दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला, जबकि दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए। अधिकारियों ने संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की।
इधर, जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र में हुई छापेमारी के दौरान कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। कुछ दुकानों पर रेट लिस्ट गायब थी, वहीं अनधिकृत सेल्समैन के साथ आबकारी विभाग का शिकायत नंबर भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। इस दौरान ओवररेटिंग से जुड़े मामले भी सामने आए। मौके पर मौजूद विक्रेताओं से भी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर अधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासनिक टीमों ने अभियान में शराब के स्टॉक, बिक्री अभिलेख, बैच नंबर, निर्धारित कीमत, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता और शिकायत नंबर समेत कई बिंदुओं की जांच की।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर तय कीमत से अधिक वसूली, बिना अनुमति कर्मचारियों से बिक्री कराने और रिकॉर्ड में गड़बड़ी जैसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
देर रात चले इस व्यापक अभियान से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ आने वाले दिनों में भी आकस्मिक जांच और छापेमारी जारी रहेगी।
