लगातार धंस रही जमीन, शौचालय जमींदोज, मकान पर संकट, ग्रामीणों ने की तत्काल राहत और विस्थापन की मांग
रुद्रप्रयाग, जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। भूस्खलन की घटनाओं में लगातार वृद्धि से कई गांवों में लोगों की सुरक्षा पर संकट गहराने लगा है। अगस्त्यमुनि विकासखंड की ग्राम पंचायत क्यूडी मलास के बन्वालधार तोक में लगातार हो रहे भूस्खलन ने एक परिवार को भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर कर दिया है।
लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी दरक रही है और प्रभावित क्षेत्र में जमीन तेजी से धंस रही है। मकान के आसपास बड़ी-बड़ी दरारें उभर आई हैं, जिससे पूरा क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील हो गया है। भूस्खलन की चपेट में आने से एक परिवार का शौचालय पूरी तरह जमींदोज हो गया है, जबकि आवासीय भवन के आसपास की भूमि भी लगातार खिसक रही है।
ग्रामीण वेद प्रकाश ने बताया कि यदि समय रहते सुरक्षा एवं सुरक्षात्मक कार्य नहीं किए गए तो मकान भी कभी भी भूस्खलन की चपेट में आ सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रभावित परिवार लगातार भय के साये में जीवन व्यतीत कर रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जोखिम का आकलन करने, प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा आवश्यक राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में भूस्खलन रोकने के लिए दीर्घकालिक सुरक्षा उपाय किए जाने की भी अपील की है।
लगातार सक्रिय मानसून के बीच रुद्रप्रयाग जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की बढ़ती घटनाएं प्रशासन के लिए भी चुनौती बनती जा रही हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी और समय पर राहत एवं बचाव कार्य अत्यंत आवश्यक हो गए हैं।
