देहरादून, 3 जुलाई।
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत जिला खेल कार्यालय, देहरादून द्वारा विभिन्न जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला क्रीड़ा अधिकारी देहरादून ने खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। सभी प्रतियोगिताओं में प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रहेगा तथा प्रतिभागियों को अपना आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
जिला खेल कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रतियोगिताओं का आयोजन निम्नानुसार किया जाएगा—
क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन 5 जुलाई 2026 को सुबह 6:00 बजे से पवेलियन ग्राउंड (स्टेट स्टेडियम) में होगा। प्रतियोगिता में अंडर-12, अंडर-16, अंडर-21 (बालक/बालिका), ओपन महिला एवं पुरुष, 40 वर्ष, 50 वर्ष, 60 वर्ष एवं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
बैडमिंटन प्रतियोगिता 6 से 8 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से मल्टीपरपज हॉल, परेड ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। इसमें अंडर-13, अंडर-17 तथा ओपन महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।
वहीं कबड्डी प्रतियोगिता (टीएसपी के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग) का आयोजन 13 और 14 जुलाई 2026 को सुबह 9:00 बजे से मल्टीपरपज हॉल, परेड ग्राउंड में होगा। इसमें अंडर-18 बालिका एवं अंडर-17 बालकों की टीमों (प्रत्येक टीम में 10+1 खिलाड़ी) को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए संबंधित प्रतियोगिता के प्रभारियों से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने खिलाड़ियों से समय पर आवेदन कर प्रतियोगिताओं का लाभ उठाने की अपील की है।
